16 जून से नए रंग की यूनिफॉर्म में स्कूल पहुंचेंगे छात्र, एक साथ मिलेंगे दो-दो सेट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 16 जून से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी नए रंग और डिजाइन की यूनिफॉर्म में नजर आएंगे। राज्य सरकार ने इस बार विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म के रंग और डिजाइन में बदलाव किया है। साथ ही पहली बार शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में ही दो-दो सेट यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है।

यूनिफॉर्म का बदला रंग और डिजाइन

अब तक सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को सफेद शर्ट और नीली पैंट की यूनिफॉर्म दी जाती थी। नए सत्र में इसकी जगह ब्लू चेक प्रिंट वाली शर्ट और स्लेटी (कत्थई-ग्रे शेड) रंग की पैंट एवं ट्युनिक दी जाएगी। नई यूनिफॉर्म से विद्यार्थियों का लुक पूरी तरह बदल जाएगा।

पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

सरकारी स्कूलों में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को निशुल्क यूनिफॉर्म प्रदान की जाती है। इस वर्ष प्रवेश उत्सव के दौरान ही सभी पात्र विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म के दोनों सेट उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है, ताकि सत्र की शुरुआत से ही बच्चों को पूरी सुविधा मिल सके।

अब नहीं करना होगा दूसरे सेट का इंतजार

अब तक विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में केवल एक सेट यूनिफॉर्म दिया जाता था, जबकि दूसरा सेट अक्टूबर-नवंबर में वितरित किया जाता था। इस बार व्यवस्था में बदलाव करते हुए दोनों सेट एक साथ वितरित किए जाएंगे, जिससे छात्रों और अभिभावकों को राहत मिलेगी।

हाथकरघा संघ कर रहा निर्माण और आपूर्ति

यूनिफॉर्म के निर्माण और वितरण का जिम्मा छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ मर्यादित को सौंपा गया है। संघ द्वारा प्रदेशभर के स्कूलों में समय पर यूनिफॉर्म पहुंचाने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है।

दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों को दी गई प्राथमिकता

संघ के अनुसार यूनिफॉर्म वितरण में दूरस्थ और आदिवासी बहुल जिलों को प्राथमिकता दी गई है। सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, कांकेर, बलरामपुर, कोरिया, सरगुजा, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा सहित कई जिलों में दोनों सेट यूनिफॉर्म की आपूर्ति पहले ही की जा चुकी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com