रायपुर में चोरी के पेट्रोल-डीजल के अवैध कारोबार का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में चोरी के पेट्रोल-डीजल की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सोनडोंगरी इलाके में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 35.45 लाख रुपए मूल्य का पेट्रोल-डीजल, टैंकर, नगदी और अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि कान्हा ढाबा के पीछे स्थित ईपी रोलिंग मिल के पास सोनडोंगरी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पेट्रोल-डीजल का अवैध भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कबीर नगर थाना पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।

बाउंड्रीवाल से घिरे प्लॉट में चल रहा था कारोबार

छापेमारी के दौरान पुलिस को एक बाउंड्रीवाल से घिरे खाली प्लॉट में चार संदिग्ध व्यक्ति मिले। जांच में वहां 8 ड्रम में 1600 लीटर पेट्रोल और 3 ड्रम में 500 लीटर डीजल रखा मिला। इसके अलावा मोटर पंप, पाइप, टीन के बर्तन और एक हाफ कटिंग ड्रम भी बरामद किया गया।मौके पर खड़े टैंकर क्रमांक CG07BA8727 की जांच करने पर उसमें लगभग 12 हजार लीटर डीजल भरा हुआ पाया गया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया ने बताया कि वह टैंकर चालकों और अन्य लोगों से पेट्रोल-डीजल खरीदकर अवैध रूप से बेचता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रामजी यादव इंडियन ऑयल के लखौली डिपो से डीजल भरकर राजनांदगांव ले जाने के दौरान रास्ते में कुछ मात्रा कालिया के यार्ड में बेच देता था।

पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र साव और उमेश साव भी इस अवैध कारोबार में शामिल थे और लंबे समय से चोरी के पेट्रोल-डीजल की खरीद-बिक्री का काम कर रहे थे।

35.45 लाख रुपए का सामान जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.20 लाख रुपए मूल्य का पेट्रोल-डीजल एवं उपकरण, 1.30 लाख रुपए नकद तथा 31.94 लाख रुपए मूल्य का डीजल से भरा टैंकर जब्त किया है। कुल जब्ती की कीमत 35 लाख 45 हजार 770 रुपए आंकी गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com