बिलासपुर में व्यापारी से 3 लाख रुपये की लूट, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के व्यापार विहार क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थोक मंडी में खरीदारी करने आए एक व्यापारी से बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश 3 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

थोक मंडी में खरीदारी के दौरान बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार नवागढ़ निवासी उमेश कुमार साहू व्यापारिक कार्य से व्यापार विहार स्थित थोक मंडी पहुंचे थे। उन्होंने लहसुन, प्याज और अन्य कृषि उत्पादों की खरीदारी के लिए अपने साथ नकद राशि रखी थी। खरीदारी पूरी करने के बाद जब वह अंडा चौक के पास से गुजर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया।

पीछा कर रहे थे बदमाश

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार दो नकाबपोश युवक काफी देर से व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। मौका मिलते ही बदमाशों ने तेजी से व्यापारी के हाथ से नकदी से भरा बैग छीना और भीड़भाड़ वाले इलाके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे।

चीख-पुकार के बाद मची अफरा-तफरी

बैग छिनते ही व्यापारी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया। हालांकि तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में पूरी वारदात कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।

आरोपियों की तलाश में पुलिस की घेराबंदी

पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और निकास बिंदुओं पर निगरानी बढ़ा दी है। संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com