नायब तहसीलदार पर रेप केस दर्ज: सोशल मीडिया से हुई दोस्ती, शादी का झांसा देकर होटल में बनाए संबंध; FIR के बाद फरार

रायपुर, 13 जून 2026। राजधानी रायपुर में पदस्थ एक नायब तहसीलदार के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है। युवती की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। FIR दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता और आरोपी नायब तहसीलदार दिवाकर भास्कर की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती का आरोप है कि दिवाकर भास्कर ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी भरोसे पर रायपुर के एक होटल में शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का कहना है कि संबंध बनने के बाद जब भी उसने शादी की बात की, आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसे एहसास हुआ कि शादी का झूठा आश्वासन देकर उसके साथ धोखा किया गया है। इसके बाद उसने गंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दिवाकर भास्कर वर्तमान में सूरजपुर जिले के लटौरी क्षेत्र में नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ है। मामला दर्ज होने के बाद से वह पुलिस की पहुंच से बाहर है। बताया जा रहा है कि उसने 6 जून से मेडिकल लीव ले रखी है और तब से कार्यालय में भी उपस्थित नहीं हुआ है।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। उसके निवास समेत अन्य स्थानों पर भी पुलिस टीम भेजी गई है, लेकिन अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस होटल में ठहरने से जुड़े रिकॉर्ड, मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच करेगी। अधिकारियों के मुताबिक पीड़िता के बयान और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











