असम में बड़ा हादसा: वायुसेना का AN-32 विमान क्रैश, 5 जवान शहीद; CM साय बोले- देश सदैव याद रखेगा बलिदान

रायपुर, 14 जून 2026
असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना का AN-32 परिवहन विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पांच जवानों की मौत हो गई, जबकि सह-पायलट घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे देश में शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों का त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने दिवंगत जवानों की आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
दुर्घटना में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम शहीद हो गए। भारतीय वायुसेना ने सभी जवानों को कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाला वीर योद्धा बताया है।
इस घटना के बाद राजनीतिक, सामाजिक और सैन्य जगत की हस्तियों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। देशभर में शोक और संवेदना का माहौल है।










