मुंगेली में वन विभाग का बड़ा अभियान, 90 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण से कराया मुक्त

मुंगेली जिले में वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 90 हेक्टेयर वनभूमि को कब्जे से मुक्त कराया है। अभियान के दौरान वनभूमि पर बनी दर्जनों झोपड़ियों को हटाकर जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।

35 निर्मित और 16 निर्माणाधीन झोपड़ियां हटाई गईं

वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर वन परिक्षेत्र खुड़िया के परिसर चचेड़ी स्थित कक्ष क्रमांक 493 और 1522 में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान वन भूमि पर बनी 35 निर्मित और 16 निर्माणाधीन झोपड़ियों को नियमानुसार हटाया गया।

वन विभाग के अनुसार इस कार्रवाई के बाद लगभग 90 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कर लिया गया है। अभियान शांतिपूर्ण और विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराया गया।

राजस्व और पुलिस विभाग का मिला सहयोग

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की टीम भी मौजूद रही। प्रशासनिक सहयोग के कारण अभियान बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सका।

वन विभाग का कहना है कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य वन भूमि का संरक्षण, अवैध कब्जों पर रोक और वन क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

भविष्य में भी जारी रहेगा अभियान

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी वन भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे वन भूमि पर किसी प्रकार का कब्जा न करें और वन संरक्षण एवं संवर्धन के प्रयासों में सहयोग दें।

विभाग का मानना है कि वन क्षेत्रों को अतिक्रमण से मुक्त रखना पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com