छत्तीसगढ़ में पहली बार होगा जैन आचार्य पदारोहण महोत्सव, 71 साल बाद मिलेगी आचार्य पदवी

रायपुर के बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में 16 से 18 जून तक आचार्य पदारोहण, सहस्रावधान और तपस्या महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन में पन्यास प्रवर विनय कुशल मुनि को आचार्य पद पर प्रतिष्ठित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार छत्तीसगढ़ में इस प्रकार का आयोजन पहली बार हो रहा है और 71 वर्षों बाद आचार्य पदवी प्रदान की जाएगी।

तीन दिन तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम

महोत्सव के पहले दिन 16 जून को वृहद शांतिधारा अभिषेक और 504 जोड़ों की सहभागिता से सूरीमंत्र महापूजन आयोजित किया जाएगा। शाम को प्रसिद्ध भजन गायिका अनुराधा पौडवाल भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगी।

17 जून को 14 वर्षीय बाल मुनि हंसभद्र मुनि द्वारा सहस्रावधान का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा भक्ति संध्या का आयोजन भी होगा, जिसमें विभिन्न कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

18 जून को होगा ऐतिहासिक आचार्य पदारोहण

महोत्सव का मुख्य आयोजन 18 जून को होगा, जब विनय कुशल मुनि को विधिवत आचार्य पदवी प्रदान की जाएगी। विराग मुनि उन्हें सूरी मंत्र देकर आचार्य पद पर प्रतिष्ठित करेंगे।

आयोजकों का कहना है कि यह समारोह खरतरगच्छ परंपरा के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज होगा।

देशभर से जुटेंगे हजारों श्रद्धालु

महोत्सव में देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम में कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष समेत कई गणमान्य अतिथियों को भी आमंत्रण भेजा गया है।

आयोजन समिति ने इसे छत्तीसगढ़ के धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास का एक विशेष अवसर बताते हुए श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com