T20 मुंबई फाइनल में रोमांच के साथ बवाल, मराठा रॉयल्स ने लगातार दूसरी बार जीता खिताब

T20 मुंबई 2026 के फाइनल मुकाबले में मराठा रॉयल्स ने रोमांचक जीत दर्ज करते हुए लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मराठा रॉयल्स ने ARCS अंधेरी को 8 रन से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।
आखिरी ओवर में पलटा मैच
मराठा रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 154 रन बनाए। टीम की ओर से चिन्मय राजेश सुतर ने सबसे अधिक 61 रन की पारी खेली। जवाब में ARCS अंधेरी को जीत के लिए 155 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन टीम 20 ओवर में 146 रन ही बना सकी।
आखिरी ओवर में ARCS अंधेरी को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे, लेकिन मराठा रॉयल्स के गेंदबाज रोहन राजे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 5 रन दिए और अपनी टीम को जीत दिला दी। जीत के बाद रोहन राजे ने जर्सी उतारकर मैदान पर दौड़ लगाते हुए जश्न मनाया।
अर्जुन तेंदुलकर ने लिए दो अहम विकेट
फाइनल में ARCS अंधेरी की ओर से खेल रहे अर्जुन तेंदुलकर ने गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने चार ओवर में 36 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। हालांकि, उनकी टीम बल्लेबाजी में लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और खिताब से चूक गई।
अर्जुन ने मराठा रॉयल्स के बल्लेबाज सचिन मधुकर यादव और अयाज खान को पवेलियन भेजा, लेकिन उनकी इस कोशिश का टीम को फायदा नहीं मिल पाया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों में हुई झड़प
ARCS अंधेरी की पारी के अंतिम ओवरों में मुकाबले का दबाव खिलाड़ियों पर साफ दिखाई दिया। 18वें ओवर में गौरव जाथर के आउट होने के बाद उनका और मराठा रॉयल्स के खिलाड़ी तुषार देशपांडे के बीच विवाद हो गया।
दोनों खिलाड़ियों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मामला बढ़ता देख ARCS अंधेरी के कप्तान शिवम दुबे डगआउट से मैदान में पहुंचे और दोनों खिलाड़ियों को अलग कर स्थिति को शांत कराया।
इस जीत के साथ मराठा रॉयल्स ने T20 मुंबई लीग में अपना दबदबा कायम रखते हुए लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।









