होटल के चैंबर में दम घुटने से 4 की मौत, बचाने पहुंचे 2 लोग भी गंभीर

मध्य प्रदेश के उज्जैन में उज्जैन-देवास रोड पर स्थित ‘श्री गंगा होटल’ में ओवरग्राउंड चैंबर की सफाई करने उतरे चार लोगों की मौत हो गई। रात के वक्त सफाई के दौरान चारों लोग एक के बाद एक चैंबर के भीतर फंसते चले गए। उन्हें बचाने के लिए अंदर उतरे दो अन्य लोगों की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कटर मशीन से काटा गया चैंबर का गेट

घटना की खबर मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव काम शुरू किया। चैंबर का गेट खोलने में काफी दिक्कत आ रही थी, जिसके बाद पास में चल रहे काम से कटर मशीन मंगवाकर गेट कटवाया गया।

चैंबर के फर्श पर बहुत ज्यादा फिसलन होने की वजह से लोगों को बाहर निकालने में काफी परेशानी आई। करीब डेढ़ घंटे की भारी मशक्कत के बाद पुलिस की टीम चारों लोगों को बाहर निकालने में कामयाब हो सकी।

पुलिस ने 2 मिनट तक दिया CPR, पर नहीं बच सकी जान

चैंबर से बाहर निकाले जाने के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने चारों लोगों की सांसें वापस लाने के लिए उन्हें 2 मिनट से भी ज्यादा समय तक सीपीआर दिया। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद किसी भी शख्स की जान नहीं बचाई जा सकी। चारों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

घबराहट होने पर बाहर आया 5वां सफाईकर्मी

चारों लोगों के फंसने के बाद हेमराज नाम का पांचवां सफाईकर्मी भी चैंबर के अंदर गया था लेकिन घबराहट और बेहोशी महसूस होने पर वह समय रहते तुरंत बाहर आ गया। हादसे की जानकारी मिलते ही एसपी भी मौके पर पहुंचे और पूरी टीम को निर्देश दिए। बचाव काम के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर भी घायल हो गया, जिसका इलाज कराया जा रहा है।

 

 

 

 

 

 

 

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close