इंदौर में नशे के खिलाफ क्राइम ब्रांच का एक्शन, ब्राउन शुगर के साथ आरोपी गिरफ्तार, करीब 2.40 लाख का मशरूका जब्त


इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर में पुलिस की नशे के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस लगातार कार्रवाई कर मादक पदार्थ जब्त कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज रही है। इसी बीच, इंदौर क्राइम ब्रांच ने नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाते हुये एक शातिर आरोपी को दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे ब्राउन शुगर बरामद की है।
बता दें कि क्राइम ब्रांच पुलिस को आरोपी के पास से 14 ग्राम ब्राउन शुगर मिली है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सुजुकी एक्सेस स्कूटर भी जब्त की गई है। जांच में पाया गया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही अलग-अलग मामलों में 10 आपराधिक केस दर्ज हैं।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि.. इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम केवी रोड के पास संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को नीले रंग की स्कूटी लेकर खड़े एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस की टीम को देख संदिग्ध व्यक्ति घबराने लगा। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
आरोपी के पास से 14 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
पुलिस ने जब संदिग्ध से पूछताछ की तो उसने अपना नाम नीरज राजपूत निवासी आजाद नगर बताया। पुलिस ने युवक की तलाशी ली उसके पास से एक थैली मिली जिसमें 14 ग्राम ब्राउन शुगर थी। पुलिस ने इस मामले में करीब 2 लाख 40 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। वहीं, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब आरोपी से ड्रग्स सप्लायर और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट










