दुर्ग पुलिस ने नष्ट की 45 लाख रुपए की अवैध शराब, 112 मामलों की जब्ती का किया गया निस्तारण

दुर्ग पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 112 मामलों में जब्त की गई करीब 45 लाख रुपए मूल्य की अवैध शराब को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट कर दिया। जामुल थाना परिसर में की गई इस कार्रवाई के दौरान कुल 5480.082 बल्क लीटर शराब का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण किया गया। न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शराब को मानव उपयोग के लिए अनुपयुक्त घोषित कर नष्ट किया गया।

वैज्ञानिक तरीके से हुआ निस्तारण

पुलिस के अनुसार जब्त शराब लंबे समय से विभिन्न थाना और चौकी परिसरों में रखी हुई थी। इससे परिसर में दुर्गंध फैल रही थी और पुलिसकर्मियों के साथ-साथ शिकायत लेकर आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। न्यायालय की अनुमति और कलेक्टर द्वारा गठित नष्टीकरण समिति की स्वीकृति मिलने के बाद पूरी कार्रवाई सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से की गई, ताकि शराब के दोबारा दुरुपयोग या अवैध बिक्री की कोई संभावना न रहे।

अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी हुई कार्रवाई

शराब नष्ट करने की प्रक्रिया के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक छावनी, जामुल थाना प्रभारी, नायब तहसीलदार, आबकारी उपनिरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य न्यायालय के आदेश का पालन करने के साथ-साथ जब्त शराब का सुरक्षित निस्तारण करना और उसके पुन: उपयोग की आशंका को पूरी तरह समाप्त करना था। इससे अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com