10 लाख रुपये पहुंचा जुर्माना, एक स्कूटर, 96 चालान…गुरुग्राम पुलिस ने जब्त की गाड़ी

हरियाणा के गुरुग्राम में यातायात नियमों की अनदेखी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसे स्कूटर को जब्त किया है, जिस पर 96 ट्रैफिक चालान लंबित थे और कुल जुर्माना राशि करीब 10 लाख रुपये पहुंच चुकी थी. नियमित जांच अभियान के दौरान जब पुलिस ने स्कूटर चालक को रोका तो वह वाहन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी नहीं दिखा सका. इसके बाद वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई.
यातायात पुलिस के अनुसार, मंगलवार को राजीव चौक पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस टीम ने एक स्कूटर को जांच के लिए रोका. चालक से वाहन के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया. इसके बाद पुलिस ने वाहन का रिकॉर्ड ऑनलाइन जांचा, जिसमें सामने आया कि स्कूटर पर बड़ी संख्या में ट्रैफिक चालान लंबित हैं. यह देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए.
96 लंबित चालानों में 10 लाख रुपये का जुर्माना
जांच में पता चला कि स्कूटर पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 96 चालान लंबित थे. इन सभी चालानों के तहत लगभग 10 लाख रुपये का जुर्माना बकाया था. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इतने अधिक लंबित चालानों वाला मामला बेहद असामान्य है. चालक लंबे समय से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करता रहा, लेकिन उसने किसी भी चालान का भुगतान नहीं किया.
कैमरा और ई-चालान मशीन से कटे थे चालान
वरिष्ठ यातायात अधिकारी ने बताया कि 96 चालानों में से एक चालान ई-चालान मशीन के माध्यम से जारी किया गया था, जबकि बाकी सभी चालान कैमरा आधारित ट्रैफिक प्रवर्तन प्रणाली के जरिए बनाए गए थे.
उन्होंने कहा कि शहर में लगाए गए हाईटेक कैमरे लगातार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की निगरानी करते हैं. नियम तोड़ने पर चालान स्वतः वाहन मालिक के नाम जारी हो जाता है.
लंबित चालान नहीं भरने वालों पर सख्त कार्रवाई
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय से लंबित चालानों का भुगतान नहीं करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ अब मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है. ऐसे मामलों में वाहन जब्त करने समेत अन्य कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं.
पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय-समय पर अपने वाहनों के लंबित चालानों की जानकारी लें और उनका जल्द भुगतान करें. इससे अनावश्यक कानूनी कार्रवाई और भारी जुर्माने से बचा जा सकता है.
यातायात अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करना सभी वाहन चालकों की जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें. पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच अभियान जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.











