नाबालिग से मामा के घर चोरी कराने का आरोप, पार्षद का बेटा हिरासत में; ऑनलाइन बेटिंग से जोड़ने की भी शिकायत

दुर्ग में करीब 2 लाख रुपए के सोने के जेवर चोरी कराने के आरोप में पुलिस ने वार्ड नंबर-6 के पार्षद रविशंकर कुर्रे के बेटे अनुराग कुर्रे को हिरासत में लिया है। आरोप है कि अनुराग ने अपने साथी के साथ मिलकर एक नाबालिग को डराया-धमकाया और उसके मामा के घर से सोने के जेवर चोरी करने के लिए कहा। मामले में नाबालिग की मां ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, दुर्गानगर जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसीन खान ने 9 अगस्त को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अनुराग की पहचान एक दोस्त के जरिए नाबालिग से हुई थी। आरोप है कि इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी देकर मामा के घर से जेवर चोरी करने के लिए कहा गया।
करीब 2 लाख के जेवर चोरी कराने का आरोप
शिकायत के अनुसार, नाबालिग ने घर से सोने की दो अंगूठियां, एक हार, एक जोड़ी कान की बालियां और एक मंगलसूत्र चोरी कर अनुराग को दे दिया। इन जेवरों की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। आरोप है कि जेवर लेने के बदले नाबालिग को कुछ पैसे भी दिए गए।
इसी मामले में नाबालिग की मां शाहीन परवीन ने भी शिकायत दर्ज कराई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि नाबालिग ने घर से सोने के कंगन, मंगलसूत्र और दो अंगूठियां चोरी कर अनुराग को दी थीं। इनकी कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है।
ऑनलाइन बेटिंग से जोड़ने के आरोप की भी जांच
पुलिस को दी गई शिकायत में अनुराग पर नाबालिग को ऑनलाइन बेटिंग एप पर पैसे लगाने की आदत डालने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पिछले 2-3 महीनों से नाबालिग अनुराग के कहने पर ऑनलाइन बेटिंग में पैसे लगा रहा था।
स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने अनुराग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस चोरी किए गए जेवरों की बरामदगी और मामले में शामिल दूसरे व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े लेन-देन और नाबालिग को इसमें शामिल किए जाने के आरोपों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











