जैसलमेर में स्कूल बस में लगी भीषण आग : बस में सवार थे 15 बच्चे, ग्रामीणों ने समय रहते सभी को बचाया

जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 15 बच्चों को ले जा रही स्कूल बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। हादसा सदर थाना क्षेत्र के धऊवा गांव के पास हुआ। गनीमत रही कि समय रहते सभी बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, स्कूल बस सुबह जैसलमेर से ग्रामीण इलाकों में बच्चों को लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान धऊवा गांव के पास अचानक बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

बस में आग लगते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल बच्चों को बाहर निकालने में मदद की। कुछ ही समय में सभी 15 बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही नगर परिषद की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं

पुलिस के अनुसार, बस में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस स्थानीय लोगों और बस चालक से पूछताछ कर रही है, ताकि आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सके।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद बस से धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्कूल बस तेजी से आग की लपटों में घिरी नजर आ रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और राहत की बात यह है कि हादसे में किसी बच्चे के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com