मैं गुटखे का प्रचार नहीं करूंगा…सनी देओल के दावे के बाद वायरल हुआ ये VIDEO

इंटरनेट के दौर में कुछ भी छिपा नहीं रह सकता. सोशल मीडिया के आने से पहले के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो जाते हैं. ऐसा ही कुछ हुआ है सनी देओल के साथ. हाल ही में शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को एक पान मसाला ऐड के लिए नोटिस मिला. इस बीच एक पॉडकास्ट में सनी देओल ने दावा कर दिया कि वो पान मसाले का ऐड नहीं करते हैं. सनी देओल ने इधर जैसे ही ये दावा किया, सोशल मीडिया यूजर्स ने उनका सालों पुराना एक विज्ञापन शेयर करना शुरू कर दिया. इस विज्ञापन में सनी देओल मीठा पान का प्रचार करते दिखाई दे रहे हैं.

एक्स (पहले ट्विटर) पर कई यूजर्स ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें सनी देओल संतूर मीठा पान और संतूर सादा पान का विज्ञापन करते दिखाई दे रहे हैं. इस सालों पुराने विज्ञापन में सनी देओल के साथ साथ रवि किशन और विजय राज जैसे अभिनेता भी दिखाई दे रहे हैं.

विज्ञापन के वायरल वीडियो में क्या है?

जो विज्ञापन का वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें सनी देओल दो लड़कियों के साथ एक पान के स्टॉल पर आते हैं. स्टॉल रवि किशन का है और विजय राज भी वहां खड़े दिखाई देते हैं. सनी देओल स्टॉल पर आकर रवि किशन से संतूर मीठा पान मांगते हैं. फिर वो मीठा पान खाने के बाद कहते हैं इन्हें (लड़कियों) भी एक एक दे दो. फिर रवि किशन कहते हैं खाओगी तो जानोगी, यही असली मीठा पान है बहनजी. विज्ञापन के आखिर में पांचों लोग संतूर सादा पान मसाला के बारे में बताते हैं.

सनी देओल ने क्या दावा किया?

सनी देओल ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में पान मसाला के ऐड नहीं करने पर अपनी बात रखी. वो कहते हैं, “वो सब मैं नहीं करता और मैं करूंगा भी नहीं. मैं गुटखा जैसी चीजों का प्रचार नहीं करूंगा. मुझे ऑफर्स आते हैं, लेकिन मैं नहीं करूंगा.’ सनी आगे कहते हैं, “मैं ऐसा कुछ नहीं करना चाहता जिसपर मुझे विश्वास नहीं हो. मैं इन सब चीज़ों में मानता नहीं हूं. मुझे नहीं लगता कि इनका प्रचार करना अच्छी बात है. इसलिए मैं नहीं करता. कितनी चीजें नहीं करता क्योंकि मेरा जमीर नहीं मानता इसलिए, और जो करनी होती हैं वो कर लेता हूं.”

सनी देओल ने साफ कहा कि वो पैसे के लिए कुछ भी नहीं कर सकते हैं. वो कहते हैं, “अगर मैं पैसे के लिए कुछ करने की कोशिश भी करूं, तो मेरा दिल उसे पीछे धकेल देता है. मैं ये क्यों कर रहा हूं? मैं ये किसके लिए कर रहा हूं? क्या मैं ये सिर्फ पैसे के लिए करना चाहता हूं? जब अंदर से ऐसे सवाल उठते हैं, तो मैं एक कदम पीछे रख लेता हूं.”

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com