DA Hike: 1 करोड़ कर्मचारियों को मिल सकती है खुशखबरी, जानें कितनी बढ़ेगी सैलरी

केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए त्योहारी सीजन खुशखबरी लेकर आ सकता है. करीब 1 करोड़ से ज्यादा कर्मचारी और पेंशनर्स जुलाई 2026 से लागू होने वाले महंगाई भत्ते यानी डीए में बढ़ोतरी (Central Government Employees DA Hike) का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. हर बार की तरह इस बार भी सवाल यही है कि क्या सरकार रक्षाबंधन के आसपास DA बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है, या फिर कर्मचारियों को सितंबर के आखिर या दिवाली तक इंतजार करना पड़ेगा?
बता दें कि रक्षाबंधन के मौके पर DA बढ़ोतरी के ऐलान की संभावना बहुत कम लग रही है. आमतौर पर सरकार जुलाई से लागू होने वाले महंगाई भत्ते (Dearness Allowance-DA) का ऐलान सितंबर या अक्टूबर में करती है. ऐसे में अगर रक्षाबंधन पर घोषणा नहीं होती है तो सितंबर के आखिर में या फिर दिवाली के आसपास कर्मचारियों को बड़ा तोहफा मिल सकता है.
खास बात यह है कि महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी जुलाई 2026 से लागू होने पर कर्मचारियों और पेंशनर्स को एरियर भी मिल सकता है. यानी त्योहारी सीजन में सैलरी बढ़कर आने की पूरी उम्मीद है.
3% DA बढ़ने की उम्मीद
देश के करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 65 लाख से ज्यादा पेंशनर्स सरकार के अगले फैसले का इंतजार कर रहे हैं. इस बार ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स-इंडस्ट्रियल वर्कर्स यानी AICPI-IW के ताजा आंकड़ों के आधार पर DA में 3% की बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है.
महंगाई भत्ता 60% से बढ़कर 63% होगा?
जून 2026 में AICPI-IW इंडेक्स 151.9 रहा, जबकि 12 महीने का औसत 148.65 पहुंच गया है. इसके आधार पर DA का आंकड़ा करीब 63.76% निकलता है. ऐसे में अनुमान है कि सरकार महंगाई भत्ते में 3% की बढ़ोतरी कर सकती है. अगर ऐसा होता है तो मौजूदा DA 60% से बढ़कर 63% हो जाएगा.
हालांकि, DA बढ़ोतरी को लेकर अंतिम फैसला सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा.
अभी केंद्रीय कर्मचारियों कितना है DA?
फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों को बेसिक सैलरी का 60% DA मिल रहा है. जनवरी 2026 से लागू बढ़ोतरी में सरकार ने DA को 58% से बढ़ाकर 60% किया था. अब जुलाई 2026 से अगली बढ़ोतरी होनी बाकी है. सरकार साल में दो बार जनवरी और जुलाई में महंगाई भत्ते को रिवाइज करती है. हालांकि, इसका आधिकारिक ऐलान आमतौर पर कुछ महीनों बाद होता है. जुलाई से लागू होने वाली डीए बढ़ोतरी की घोषणा अक्सर सितंबर या अक्टूबर के आसपास होती है.
DA कैलकुलेशन का फॉर्मूला क्या है?
केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता AICPI-IW के पिछले 12 महीनों के औसत आंकड़ों के आधार पर तय किया जाता है. महंगाई बढ़ने के साथ इंडेक्स में बदलाव होता है और इसी के आधार पर कर्मचारियों के DA में बढ़ोतरी की जाती है.
7वें वेतन आयोग के तहत बढ़ेगा महंगाई भत्ता
सरकार ने 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) का ऐलान कर दिया है, लेकिन सिफारिशें लागू नहीं हुई है. जब तक आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू नहीं होतीं, तब तक केंद्रीय कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग (7th Pay Commission) के के तहत ही DA मिलता रहेगा.इसलिए जुलाई 2026 में महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी भी सातवें वेतन आयोग के अनुसार ही होगी.
DA Hike से सैलरी कितनी बढ़ेगी?
अगर सरकार DA को 60% से बढ़ाकर 63% करती है तो कर्मचारियों की सैलरी में सीधी बढ़ोतरी होगी. यह बढ़ोतरी कर्मचारी की बेसिक सैलरी पर निर्भर करेगी.
- पे लेवल-1 में अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है, तो 3% DA बढ़ने पर उसे हर महीने 540 रुपये ज्यादा मिल सकते हैं.
- वहीं, पे लेवल-10 में 56,100 रुपये बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी की सैलरी में हर महीने करीब 1,683 रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है.
यानी जितनी ज्यादा बेसिक सैलरी होगी, 3% DA बढ़ने पर हर महीने मिलने वाला फायदा भी उतना ही ज्यादा होगा.
सिर्फ सैलरी ही नहीं, पेंशन, ग्रेच्युटी पर में भी बदलाव
DA बढ़ने का फायदा सिर्फ इन-हैंड सैलरी में नहीं मिलता. महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का असर कर्मचारियों के PF, पेंशन, ग्रेच्युटी जैसे दूसरे अलायंस पर भी पड़ सकता है.
ऐसे में अब सबकी नजर केंद्र सरकार के आधिकारिक ऐलान पर टिकी है. अगर सरकार सितंबर के आखिर या दिवाली से पहले 3% DA बढ़ोतरी को मंजूरी देती है, तो यह करीब 1 करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए त्योहारी सीजन का एक बड़ा तोहफा साबित हो सकता है.











