IND vs SL, 2nd Test: क्या कुलदीप यादव जल्द ही बाहर होंगे भारतीय टीम से? गौतम गंभीर का जवाब

गौतम गंभीर ने कुलदीप यादव को सलाह दी कि वे विकेट लेने के लिए ‘बेताब’ न हों और अपना सर्वश्रेष्ठ स्पेल डालने पर ध्यान दें. गंभीर ने उनके अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई, लेकिन यह पक्का नहीं कहा कि दूसरे टेस्ट में उन्हें अपनी जगह बनाए रखने का मौका मिलेगा या नहीं. बता दें कि 33 साल के स्पिनर सारांश जैन को मौका मिलने की खबरें आ रही हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि कुलदीप यादव की जगह टीम इंडिया में खतरे में है. ऐसे में गंभीर ने कुलदीप यादव को लेकर बात की है.
गाले में श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा, लेकिन गंभीर ने उनका समर्थन किया है. मैच में 25 ओवर फेंकने के बावजूद कुलदीप दोनों पारियों में सिर्फ एक विकेट ही ले पाए थे. उन्हें अपनी लय और कंट्रोल पाने में मुश्किल हुई, जबकि मानव सुथार और रवींद्र जडेजा ने श्रीलंकाई बल्लेबाजी लाइन-अप को सबसे ज्यादा नुकसान पहंचाय था. लेकिन अब दूसरे टेस्ट में से पहले, गंभीर ने कुलदीप यादव को सलाह दी है.
गंभीर ने कुलदीप को सलाह दी और कहा, “अपना सबसे अच्छा स्पेल डालो, विकेट लेने के लिए बेताब मत हो.”
इसके अलावा जब गंभीर से पूछा गया कि क्या कुलदीप से पहले टेस्ट में कम गेंदबाजी कराई गई, तो गंभीर ने कहा कि “यह कप्तान शुभमन गिल का फैसला था, जो उन्होंने मैच के दौरान सही समझा.” गंभीर ने कहा, “यह कप्तान का फैसला होता है कि उन्हें किसी समय क्या सही लगता है” बता दें कि मानव सुथार और रवींद्र जडेजा की अच्छी गेंदबाज़ी के कारण कुलदीप को अपने मौक़े का इंतज़ार करना पड़ा, जब उन्हें गेंदबाजी के लिए लाया गया, तो उन्हें अपनी आम लाइन और लेंथ पाने में संघर्ष करना पड़ा.
कुलदीप और सारांश जैन में किसे मिलेगा मौका?
हालांकि, भारत अभी भी कुलदीप के अनुभव और काबिलियत की वजह से उनके साथ बने रह सकता है. टीम मैनेजमेंट को अब यह तय करना होगा कि उन्हें एक और मौका दिया जाए या इंदौर के ऑफ-स्पिनर सारांश जैन जैसे किसी खिलाड़ी को मौके दे. सारांश का फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड अच्छा रहा है, उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए 54 मैचों में 188 विकेट लिए हैं, लेकिन दूसरी तरफ कुलदीप अब भी भारत के सबसे अनुभवी और कुशल स्पिनरों में से एक हैं.











