100 करोड़ की दमदार ओपनिंग के बाद भी KGF 2 से पीछे रह गई ‘टॉक्सिक’, नहीं तोड़ पाई 4 साल पुराना रिकॉर्ड

यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ ने सिनेमाघरों में शानदार शुरुआत की है। फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारत में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है। हालांकि, दमदार ओपनिंग के बावजूद यह फिल्म यश की पिछली ब्लॉकबस्टर ‘KGF चैप्टर 2’ का पहले दिन की कमाई का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई।
‘टॉक्सिक’ को लेकर लंबे समय से दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ था। करीब चार साल बाद यश की कोई नई फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। इससे पहले उनकी ‘KGF चैप्टर 2’ 14 अप्रैल 2022 को रिलीज हुई थी। ऐसे में माना जा रहा था कि ‘टॉक्सिक’ उनकी पिछली फिल्म के कई रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।
पहले दिन की कमाई में KGF 2 आगे
‘KGF चैप्टर 2’ ने रिलीज के पहले दिन भारत में करीब 116 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं ‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस तरह शानदार शुरुआत के बावजूद यश की नई फिल्म पहले दिन की कमाई के मामले में अपनी पिछली फिल्म से करीब 15 करोड़ रुपये पीछे रह गई।
हिंदी में टॉक्सिक ने बनाया नया रिकॉर्ड
‘टॉक्सिक’ ने हिंदी बेल्ट में शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म ने हिंदी भाषा में करीब 55 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं कन्नड़ भाषा में इसकी कमाई करीब 23.30 करोड़ रुपये रही। कन्नड़ में फिल्म की ऑक्यूपेंसी लगभग 89 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि पूरे भारत में फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 53 प्रतिशत रही।
इसके मुकाबले ‘KGF चैप्टर 2’ ने हिंदी में पहले दिन करीब 53.95 करोड़ रुपये और कन्नड़ में 22.85 करोड़ रुपये की कमाई की थी। यानी हिंदी और कन्नड़ दोनों भाषाओं में ‘टॉक्सिक’ ने अपनी पिछली फिल्म के पहले दिन के आंकड़ों को पीछे छोड़ा है।
KGF 2 की कमाई अब भी बड़ी चुनौती
‘KGF चैप्टर 2’ ने दुनियाभर में करीब 1,215 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। फिल्म की सफलता ने यश को भारतीय सिनेमा के बड़े सितारों की सूची में और मजबूत जगह दिलाई थी। अब ‘टॉक्सिक’ भी बॉक्स ऑफिस पर तेजी से आगे बढ़ रही है और शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म 140 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आने वाले दिनों में ‘टॉक्सिक’ कितनी तेजी से 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करती है और क्या यह फिल्म लंबे समय में ‘KGF चैप्टर 2’ के बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड को चुनौती दे पाएगी।











