कप्तान शुभमन गिल क्या गलती कर रहे हैं? विराट-रोहित से सीखने की मिली सलाह

शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया का प्रदर्शन टेस्ट फॉर्मेट में अच्छा रहा है. श्रीलंका में भी टीम इंडिया 2-0 से सीरीज जीतने के करीब है. हालांकि पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ को शुभमन गिल से एक शिकायत है. मोहम्मद कैफ का मानना है कि शुभमन गिल की टेस्ट फॉर्मेट में फील्डिंग पोजिशन सही नहीं है जिससे टीम को उतना फायदा नहीं हो पा रहा है. कैफ के मुताबिक शुभमन गिल को कवर्स एरिया में फील्डिंग नहीं करनी चाहिए. उन्हें अपनी पोजिशन चेंज कर स्लिप में खडा़ होना चाहिए. कैफ ने क्या कहा और क्यों कहा, आइए आपको बताते हैं.

कैफ की शुभमन गिल को सलाह

सोनी स्पोर्ट्स पर भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज में कमेंट्री कर रहे मोहम्मद कैफ ने कहा कि गिल को स्लिप में खड़े होना चाहिए, वहां से वो गेम को अच्छे से चला सकते हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं चाहता हूं कि शुभमन गिल स्लिप में खड़े होकर कप्तानी करें. वो मिड ऑफ पर खड़े होकर कप्तानी करते हैं. आप लोगों से पूछते हो डीआरएस के लिए. विराट कोहली जब कप्तान बने तो स्लिप में खड़े होने लगे. स्लिप से गेम को कंट्रोल किया जा सकता है. रोहित, विराट स्लिप में इसीलिए खड़े होते थे. कोई पैदाइशी स्लिप फील्डर नहीं होता.’

शुभमन गिल की कप्तानी की तारीफ

वैसे शुभमन गिल की कप्तानी की इस सीरीज में तारीफ भी हुई है. तारीफ की वजह उनका अपने गेंदबाजों का रोटेशन है. गिल ने इस सीरीज में मानव सुथार, प्रसिद्ध कृष्णा का जिस तरह से इस्तेमाल किया है उसे लेकर कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने उन्हें सलाम किया है. गिल अभी नए-नए कप्तान बने हैं. जैसे-जैसे उन्हें अनुभव होता जाएगा उनकी कप्तानी में और निखार आएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close