खपरगंज हुड़दंग में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : सोहेल खान और ठाकुर राम सिंह गुट के 11 आरोपी गिरफ्तार, इलाके में धारा 144 लागू

बिलासपुर, 31 अगस्त 2026। शहर के खपरगंज इलाके में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पथराव और हुड़दंग के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दोनों पक्षों से जुड़े आरोपी शामिल हैं। पुलिस CCTV फुटेज, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और प्राप्त शिकायतों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को मौके पर बुला लिया था। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। विवाद के बाद 250 से ज्यादा लोग कोतवाली थाने पहुंच गए थे।
दोनों पक्षों से 11 गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सोहेल खान गुट से मौला बक्स उर्फ जुब्बू, शेख अजहरुद्दीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सलीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाइक, रेहान अली उर्फ ईरानी और मोहम्मद जुनैद शामिल हैं।
वहीं ठाकुर राम सिंह गुट से राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिक्कू और छत्रपाल साहू को गिरफ्तार किया गया है।
सोहेल खान पर पहले से 11 अपराध दर्ज
पुलिस के अनुसार, सोहेल खान के खिलाफ पहले से 11 अपराध दर्ज हैं। विवाद के बाद दोनों पक्षों द्वारा अपने समर्थकों को मौके पर बुलाने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम में सोहेल खान और ठाकुर राम सिंह की भूमिका की भी जांच कर रही है।
CCTV और सोशल मीडिया से आरोपियों की पहचान
पुलिस ने बताया कि पथराव के बाद अतिरिक्त बल भेजकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। अब CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान और वेरिफिकेशन किया जा रहा है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और अन्य सामग्री की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना के बाद संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और इलाके की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में धारा 144 लागू है।
पुलिस ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या विवाद बढ़ाने वाली सामग्री प्रसारित नहीं करने की चेतावनी दी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री पर भी नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बाइट: रजनेश सिंह, SSP बिलासपुर











