PF खाताधारकों के लिए 28 सितंबर को EPFO का स्पेशल कैंप, इन समस्याओं का होगा समाधान, यहां जानें पूरी डिटेल

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के खाताधारकों के लिए काम की खबर है।  EPFO ने  देशभर में 28 सितम्बर को अपनी खास पहल ‘निधि आपके निकट 2.0’ (Nidhi Aapke Nikat 2.0) के तहत जिला-स्तरीय आउटरीच शिविर (कैंप) आयोजित करने जा रहा है।

इसका मुख्य उद्देश्य PF खाताधारकों, EPS-95 पेंशनभोगियों और नियोक्ताओं को EPFO की सेवाओं, नियमों और पेंशन/EDLI योजनाओं की जानकारी देना तथा उनकी समस्याओं और शिकायतों का मौके पर समाधान करना।

अगर किसी सदस्य का कोई काम ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए नहीं हो पा रहा है या किसी विशेष कारण से मामला अटक गया है, तो वह कैंप में संबंधित अधिकारियों से सीधे बातचीत कर अपनी समस्या बता सकता है। अगर आप कैंप में जाने की योजना बना रहे हैं तो समस्या से जुड़े कागजात जैसे UAN, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, PPO नंबर (पेंशनर्स के लिए) और पूर्व शिकायतों की रसीद साथ ले जाएं।

EPFO ने आधिकारिक X (ट्विटर) हैंडल या आधिकारिक वेबसाइट पर अलग-अलग जगहों पर आयोजित होने वाले कैंप की जानकारी देखने के लिए एक कैंप लोकेटर लिंक भी शेयर किया है। सदस्य इस फोल्डर में जाकर अपने आसपास आयोजित होने वाले कैंप की लोकेशन देख सकते हैं।

EPFO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि ईपीएफओ योजनाओं और सेवाओं के बारे में जानने, नियोक्ताओं के लिए मार्गदर्शन , कर्मचारियों के लिए जागरूकता सत्र और मौके पर ही शिकायत निवारण के लिए 28 सितंबर 2026 को निधि आपके निकट 2.0 – जिला आउटरीच कार्यक्रम पर जाएं।  कैंप में शिकायतों की सुनवाई के साथ उनके समाधान पर भी ध्यान दिया जाएगा। हालांकि, हर समस्या का समाधान कैंप में तुरंत हो जाएगा, यह जरूरी नहीं है। मामले की प्रकृति और जरूरी प्रक्रिया के आधार पर समाधान में समय लग सकता है।

 

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close