मीरगंज: संदिग्ध परिस्थितियों में झोपड़ी में लगी भीषण आग, बाइक समेत हजारों का सामान जलकर राख

बरेली: जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गाँव सैंजना की गोटिया में बीते दिन संदिग्ध परिस्थितियों में एक झोपड़ी में भीषण आग लग गई. इस अग्निकांड में झोपड़ी के भीतर खड़ी एक बाइक समेत घर का सारा कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया. ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद जैसे-तैसे आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पीड़ित का भारी नुकसान हो चुका था.

निर्माणाधीन घर के पास बनी झोपड़ी बनी राख का ढेर

जानकारी के अनुसार, सैंजना की गोटिया निवासी सरदार सिंह पुत्र सीता राम का वर्तमान में पक्का मकान बन रहा है. इस कारण वे अपने परिवार के साथ पास ही स्थित अपने चाचा शंकर लाल के घर में रह रहे थे और अपना घरेलू सामान एक झोपड़ी (अस्थाई आवास) में रखा हुआ था. अचानक झोपड़ी से उठती आग की लपटों को देखकर गांव में हड़कंप मच गया.

ग्रामीणों ने पाया आग पर काबू

आग की सूचना मिलते ही परिवार के लोग और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने आनन-फानन में बाल्टियों से पानी डालकर और मिट्टी फेंककर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी जद्दोजहद के बाद आग को शांत किया जा सका, लेकिन झोपड़ी के अंदर रखी मोटरसाइकिल, अनाज, कपड़े और अन्य घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ चुके थे. पीड़ित सरदार सिंह ने बताया कि घर बन रहा था, इसलिए सारा जरूरी सामान झोपड़ी में रखा था. अचानक लगी आग ने सब कुछ छीन लिया. हजारों रुपये का नुकसान हो गया है और अब हमारे पास कुछ नहीं बचा.

पीड़ित परिवार का बुरा हाल

हादसे के बाद से पीड़ित सरदार सिंह और उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पीड़ित ने बताया कि आग किन कारणों से लगी, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. आग लगने से घर की आर्थिक कमर टूट गई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close