किसानों के खेतों में लगी भीषण आग, 400-500 एकड़ की फसल जलकर खाक

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम बोडरा से बड़ी खबर सामने आई है। यहां किसानों के खेतों में भीषण आग लगने से करीब 400 से 500 एकड़ में लगी फसल जलकर खाक हो गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गांव के किसानों ने अपने खेतों में चना, राहर, सरसों, लाखड़ी और पैरा की फसल लगाई थी। अचानक खेतों में आग की तेज लपटें उठती देख किसानों में हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही किसान तुरंत अपने-अपने खेतों की ओर दौड़े और मोटर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
मोटर पंपों की मदद से आग पर पाया काबू
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड टीम को भी दी गई, लेकिन चारों ओर खेतों में फसल होने के कारण दमकल को आग तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। बाद में किसानों ने आसपास के खेतों में लगे मोटर पंपों की मदद से आग पर काफी हद तक काबू पाया। हालांकि कुछ जगहों पर देर तक धुआं और आग की लपटें देखी गईं।
नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा दी जाए
किसानों का कहना है कि उन्होंने बड़ी मेहनत से यह फसल तैयार की थी, लेकिन आगजनी की घटना में उनकी पूरी मेहनत जलकर राख हो गई। इससे वे काफी चिंतित और परेशान हैं। प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
किसानों ने असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाने की आशंका जताई है। घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। इस दौरान दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति भी निर्मित हो गई थी। सूचना मिलने पर अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद शांत कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किए जाने की तैयारी भी की जा रही है।









