अमेठी में इंश्योरेंस क्लेम के झांसे में फंसा व्यक्ति, 42 लाख गंवाए

अमेठी: बीमा की राशि दिलाने के नाम पर जालसाजों ने क्षेत्र के एक व्यक्ति से करीब 42 लाख रुपये की ठगी कर ली. पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के ब्योरेमऊ निवासी राममिलन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने वर्ष 2013-14 में मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में बीमा कराया था.
एजेंट की मृत्यु के बाद कंपनी से उनका संपर्क नहीं हो पाया. वर्ष 2021 में राहुल जैन उर्फ सिद्धार्थ नामक व्यक्ति का फोन आया और उसने बताया कि उनकी बीमा पॉलिसी की राशि बढ़कर लगभग 25 लाख रुपये हो गई है. रकम प्राप्त करने के लिए टैक्स जमा कराने की बात कही गई.
आरोप है कि जालसाजों ने खुद को आयकर विभाग से जुड़ा बताते हुए विभिन्न पत्र और दस्तावेज तैयार कराए तथा उन्हें संदेश के माध्यम से भेजने को कहा. इसके बाद जीएसटी, प्रोसेसिंग शुल्क और अन्य करों के नाम पर बार-बार अलग-अलग किस्तों में रुपये जमा कराए जाते रहे.
पीड़ित के अनुसार, वर्ष 2021 से लेकर 6 अगस्त 2025 तक भारतीय स्टेट बैंक की साउथ एक्सटेंशन, नई दिल्ली शाखा के एक खाते में करीब 42 लाख रुपये जमा करा लिए गए. अंतिम बार 1.94 लाख रुपये जमा कराने के बाद आरोपियों ने एक सप्ताह में भुगतान का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई राशि वापस नहीं मिली.
एसओ विवेक वर्मा ने बताया कि मामले में राहुल जैन उर्फ सिद्धार्थ, मनोज कुमार गुप्ता तथा संबंधित बैंक खाते के अज्ञात धारक के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. संबंधित बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का विवरण जुटाया जा रहा है. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी.











