नेपाल में हुए भीषण सड़क हादसे में बहराइच के एक युवक की हुई मौत, परिजनों में कोहराम

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद से सटे नेपाल राष्ट्र में एक भीषण सड़क हादसे के चलते बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई बस में सवार 20 लोगों की मौत हो गई. इन लोगों में उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद के एक युवक की भी मौत हो गई है. पुष्टि होने के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
नेपाल में हुए एक भीषण सड़क हादसे में बहराइच के एक युवक की मौत हो गई. पोखरा से काठमांडू जा रही यात्रियों से भरी एक बस बेनिघाट क्षेत्र में अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में गिर गई. इस दुर्घटना में अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिसमें बहराइच के नानपारा निवासी मनीष शुक्ला भी शामिल हैं.
नानपारा कोतवाली क्षेत्र के हाड़ा बसहरी गांव के रहने वाले 33 वर्षीय मनीष शुक्ला पुत्र रामपाल शुक्ला पड़ोसी देश नेपाल घूमने गए थे. वह देर रात बस से काठमांडू की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. बताया गया है कि बेनिघाट क्षेत्र में बस अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में जा गिरी. हादसे के बाद सोमवार को मनीष के परिजनों को सूचना मिली, जिससे परिवार में शोक छा गया.
मनीष के परिवार के सदस्य शव लेने के लिए नेपाल रवाना हो गए हैं. मनीष नानपारा कस्बे में कॉपी-किताब की दुकान चलाते थे. उनकी शादी नहीं हुई थी और वह अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे. मनीष की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.











