एलपीजी सिलेंडर महंगा होने पर केंद्र सरकार पर आप का हमला, फैसलों को लेकर उठाए सवाल

घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांढा ने कहा कि सरकार ने पहले पेट्रोलियम उत्पादों के दाम नहीं बढ़ने का दावा किया था, लेकिन इसके बावजूद अचानक गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए, जिससे आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ गया है।
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुराग ढांढा ने कहा कि शनिवार सुबह देश के आम परिवारों पर महंगाई का बड़ा झटका लगा है। उनके अनुसार रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से खास तौर पर मध्यम वर्ग और निम्न मध्यम वर्ग के परिवार प्रभावित होंगे।
उन्होंने कहा कि एक दिन पहले ही केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा था कि पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है और कीमतें बढ़ने की कोई संभावना नहीं है। लेकिन उनके इस बयान के 24 घंटे के भीतर ही एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए, जिससे लोगों के बीच भ्रम और असंतोष पैदा हुआ है।
आप नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कई अहम फैसलों को लेकर ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार पर बाहरी दबाव है। उन्होंने कहा कि सीजफायर, टैरिफ और रूस से तेल खरीद जैसे मुद्दों पर भी पहले अलग बयान सामने आए और बाद में परिस्थितियां बदलती नजर आईं।
अनुराग ढांढा ने कहा कि अब अमेरिका यह कह रहा है कि उसने भारत को रूस से तेल खरीदने के लिए सीमित अवधि की अनुमति दी है। उनका सवाल था कि क्या भारत जैसे बड़े देश को अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए किसी दूसरे देश से अनुमति लेने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से इस पूरे मामले पर स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आने से लोगों के बीच कई तरह की आशंकाएं पैदा हो रही हैं। उनका कहना था कि अगर इसी तरह स्थिति बनी रही तो आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
आप नेता ने केंद्र सरकार से मांग की कि बढ़ती महंगाई और एलपीजी की कीमतों को लेकर स्पष्ट नीति सामने रखी जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और बाजार में अनिश्चितता खत्म हो।











