टिकैतपेंड्री मारपीट मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार:पहले सात आरोपी जेल भेजे जा चुके, सरगांव पुलिस ने बिलासपुर से दबोचा

मुंगेली जिले के सरगांव पुलिस ने टिकैतपेंड्री गांव में हुए मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में फरार चल रहे आरोपी सरजू उर्फ शेरा लहरे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को बिलासपुर से पकड़ा। इस मामले में पहले ही सात अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
मामला 19 जुलाई 2025 का है, जब प्रार्थी जितेंद्र गायकवाड़, निवासी मोहदी, थाना सरगांव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि टिकैतपेंड्री निवासी कन्हैया बघेल अपने बेटे और परिवार के सदस्यों के साथ हॉकी स्टिक, रॉड और डंडे लेकर उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उन्होंने जितेंद्र, उसके भाई, बेटे, मां और पत्नी पर हमला किया और उनकी दुकान व स्कूटी में तोड़फोड़ की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 92/2025 दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और डीएसपी नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 10 सितंबर 2025 को कन्हैया बघेल, किशन बघेल, महेंद्र, जीवन बघेल, रामबिलास बघेल, विजय कुमार बघेल और अजय कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा। सभी आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया था।
घटना के बाद से सरजू उर्फ शेरा लहरे फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी और 5 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर उसे बिल्हा, बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने मारपीट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।











