उपमुख्यमंत्री पर सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग का आरोप:कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, अरुण साव ने भतीजे की तेरहवीं पर खर्च किए पीडब्ल्यूडी के 97 लाख, PWD विभाग ने जानकारी को बताया भ्रामक

कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने अपने भतीजे की तेरहवीं के आयोजन में लोक निर्माण विभाग (PWD) के कोष से 97 लाख रुपए खर्च करवाए। कांग्रेस ने इस संबंध में दो बिलों की तस्वीरें साझा करते हुए सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर उपमुख्यमंत्री पर हमला बोला है।

कांग्रेस ने लिखा, “अरुण साव जी, क्या आप जनता के पैसे को अपनी निजी संपत्ति समझते हैं? आपने किस अधिकार से अपने भतीजे की तेरहवीं पर 97 लाख रुपए PWD विभाग के कोष से खर्च करवाए? क्या जनता का खून-पसीने का पैसा अब नेताओं के पारिवारिक कार्यक्रमों पर लुटाया जाएगा?”

कांग्रेस ने आगे लिखा कि प्रदेश की सड़कों की हालत बेहद खराब है, जगह-जगह गड्ढे हैं, लोग रोज़ हादसों का शिकार हो रहे हैं। लेकिन सरकार जनता के टैक्स से भरे खजाने को निजी कार्यक्रमों में खर्च कर रही है। पार्टी ने तीखा सवाल उठाया — “क्या सत्ता जनता की सेवा का माध्यम रह गई है या नेताओं के पारिवारिक ऐशो-आराम का साधन बन चुकी है?”

कांग्रेस के इस आरोप के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई है। सोशल मीडिया पर यह मुद्दा तेजी से ट्रेंड करने लगा और लोगों में नाराज़गी देखने को मिली। कई यूज़र्स ने सरकार से जवाबदेही की मांग की है, वहीं भाजपा समर्थकों ने कांग्रेस पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया है।

पीडब्ल्यूडी विभाग ने जानकारी को बताया भ्रामक

इस बीच विवाद को बढ़ता देख PWD विभाग ने आधिकारिक तौर पर स्पष्टीकरण जारी किया है। बेमेतरा जिले के कार्यपालन अभियंता डी.के. चंदेल की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया में जो जानकारी प्रसारित की जा रही है, वह पूरी तरह से भ्रामक और तथ्यहीन है। पत्र में लिखा गया है — “लोक निर्माण विभाग द्वारा श्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री के पारिवारिक कार्यक्रम में लगाए गए टेंट कार्य का कोई भी भुगतान विभाग द्वारा नहीं किया गया है। यह जानकारी निराधार है।”विभाग ने यह भी कहा है कि इस तरह की गलत और भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

close