शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 159 लोगों पर एक्शन:रायपुर में अफसरों की सरप्राइज चेकिंग, 3 महीने में 1,580 केस, लाइसेंस भी होगा सस्पेंड

राजधानी रायपुर की सड़कों पर रफ्तार और नशे का जानलेवा कॉम्बिनेशन खत्म करने के लिए पुलिस संडे नाइट को चेकिंग अभियान चला रही है। शहर के 8 प्रमुख पॉइंट्स पर सरप्राइज चेकिंग कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई में 159 वाहन ड्राइवर नशे की हालत में स्टयरिंग थामे मिले। अब तक हुई कार्रवाई में यह शराबियों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले अधिकतम 154 केस दर्ज किए गए थे।
3 महीने में टूटा पिछले पूरे साल का रिकॉर्ड
साल 2026 के शुरुआती 3 महीने में ही रायपुर पुलिस ने नशे में गाड़ी चलाने वाले 1,580 लोगों पर कार्रवाई की है। यह आंकड़ा साल 2025 के पूरे 12 महीनों 1,537 केस के रिकॉर्ड को पार कर गया है। पुलिस अब इन सभी आरोपियों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड कराने के लिए आरटीओ (RTO) को प्रस्ताव भेजने की तैयारी में है।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और डीसीपी विकास कुमार के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई।
सिर्फ चालान काटना नहीं, मौतों को रोकना है मकसद
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, यह मुहिम केवल चालान काटने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने के लिए है। अफसरों ने स्पष्ट किया कि नशे में गाड़ी चलाना न केवल खुद की बल्कि दूसरों की जान को भी खतरे में डालना है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
पुलिस ने अपील की है कि, शराब पीकर वाहन बिल्कुल न चलाएं, कैब या ऑटो का इस्तेमाल करें। दोपहिया पर हेलमेट और कार में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं। बच्चों को किसी भी हाल में वाहन न दें। अफसरों ने आने वाले दिनों में लगातार जांच करने की बात कही है।











