उत्तर प्रदेश: होली पर निकलने वाली राम बारात को लेकर प्रशासन अलर्ट: ड्रोन से निगरानी, भारी पुलिस बल तैनात

बरेली: होली के अवसर पर शहर में निकलने वाली पारंपरिक राम बारात को लेकर प्रशासन ने व्यापक और कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं. सोमवार को प्रस्तावित राम जी की बारात के मद्देनज़र पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया.
बीते वर्षों में कुछ क्षेत्रों में बने तनावपूर्ण हालात को देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है.
रविवार को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स के साथ मैदान में उतरकर तैयारियों का जायजा लिया. राम बारात के निर्धारित रूट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया। प्रमुख चौराहों, संवेदनशील मोहल्लों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
शहर में घुड़सवार पुलिस के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जा सके. राम बारात के दौरान हुरियारों के पारंपरिक उत्साह और होली के रंगों के बीच किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है. भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं.
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि राम बारात के दौरान शहर की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे तैनात किए जाएंगे. इसके अलावा संवेदनशील इलाकों में रूफटॉप ड्यूटी लगाई गई है, जहां से पुलिसकर्मी लगातार गतिविधियों पर नजर रखेंगे। शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी हर गतिविधि की मॉनिटरिंग की जाएगी.
प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए अफवाहों से बचने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.











