बलरामपुर में अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, 4 ट्रैक्टर जब्त

बलरामपुर: जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के स्पष्ट निर्देशों के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा नियमित निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है.

इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व वाड्रफनगर नीरनिधि नन्देहा के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम द्वारा वाड्रफनगर अनुविभाग के अंतर्गत ग्राम कैलाशपुर स्थित मोरान नदी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर वाहनों को मौके पर पकड़ा गया. जांच के दौरान संबंधित वाहन चालक वैध अनुमति अथवा परिवहन पास प्रस्तुत नहीं कर सके.
संयुक्त टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी चारों ट्रैक्टर वाहनों को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई हेतु चौकी वाड्रफनगर को सुपुर्द किया गया. प्रकरण में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अवैध रेत उत्खनन से न केवल शासन को राजस्व की हानि होती है, बल्कि पर्यावरण संतुलन भी प्रभावित होता है.

इसे ध्यान में रखते हुए जिले में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी. जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या खनिज परिवहन की जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.











