नकलविहीन बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त: 3660 कैमरों से होगी निगरानी, वेतन रोके जाने से लेकर FIR तक निर्देश

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त व्यवस्था लागू की है. जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा जनपद में परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्रों को स्ट्रांग रूम में डबल लॉक व्यवस्था के तहत सुरक्षित रखा जाएगा. स्ट्रांग रूम केवल स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं वाह्य केंद्र व्यवस्थापक की उपस्थिति में ही खोला जाएगा. परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग की जाएगी तथा कक्ष निरीक्षकों को कक्षा कक्षों में निरंतर भ्रमण के निर्देश दिए गए हैं. प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक वाह्य विद्यालय अथवा बेसिक शिक्षा विभाग से नियुक्त किए जाएंगे.

जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्षा कक्ष और स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. कुल 3660 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्थापित मॉनिटरिंग सेल से परीक्षा की निगरानी की जाएगी. मॉनिटरिंग सेल के नोडल अधिकारी उप जिलाधिकारी अंकुर वर्मा को बनाया गया है.

परीक्षा संचालन को प्रभावी बनाने के लिए जनपद को 6 जोन में विभाजित किया गया है. नगर क्षेत्र में सिटी मजिस्ट्रेट तथा तहसीलों में उप जिलाधिकारियों को जोनल अधिकारी बनाया गया है. तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में नामित किया गया है.

एसएसपी ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र के स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा. साथ ही 6 सचल दलों का गठन किया गया है, जो परीक्षा के दौरान विभिन्न केंद्रों पर औचक निरीक्षण करेंगे. जनपद में कुल 89 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हाईस्कूल के 35 हजार से अधिक और इंटरमीडिएट के लगभग 30 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे.

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा अवधि में अनुपस्थित पाए जाने वाले स्टेटिक मजिस्ट्रेट या वाह्य केंद्र व्यवस्थापकों का वेतन रोका जाएगा तथा गंभीर लापरवाही पर उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाएगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com