14 साल बाद बोनस शेयर देगी यह कंपनी, 1 पर 1 शेयर फ्री, अगले सप्ताह है रिकॉर्ड डेट

बस बनाने वाली कंपनी अशोक लीलैंड के शेयर आने वाले दिनों में फोकस में रह सकते हैं। कंपनी के शेयर बीते शुक्रवार को 246.80 रुपये पर बंद हुए थे। बता दें कि कंपनी ने बीते सप्ताह 1:1 बोनस शेयर के लिए रिकॉर्ड डेट का ऐलान किया था। अशोक लीलैंड ने कहा था कि उसने बोनस शेयर जारी करने की रिकॉर्ड डेट 16 जुलाई तय की है। कंपनी ने यह भी बताया कि बोनस शेयरों का आवंटन गुरुवार, 17 जुलाई तय किया गया है। यानी तय डेट तक अगर आपके पास कंपनी के शेयर एक शेयर हैं तो आपको एक शेयर अतिरिक्त मिलेंगे।
कंपनी ने क्या कहा?
कंपनी ने 9 जुलाई को एक्सचेंज को दी गई जानकारी में कहा, ‘हम सूचित करना चाहते हैं कि आवंटन समिति ने बोनस शेयरों के आवंटन हेतु पात्र शेयरधारकों के निर्धारण हेतु रिकॉर्ड डेट बुधवार, 16 जुलाई, 2025 तय की है। इसके अलावा, 16 सितंबर, 2024 के सेबी सर्कुलर के अनुसार, बोनस शेयरों के आवंटन की मान्य तिथि गुरुवार, 17 जुलाई, 2025 होगी और ये बोनस शेयर आवंटन के अगले कार्यदिवस यानी शुक्रवार, 18 जुलाई, 2025 को व्यापार के लिए उपलब्ध होंगे।’
14 साल बाद बोनस शेयर
बता दें कि कंपनी 14 साल बाद बोनस शेयर दे रही है। कंपनी ने आखिरी बार 2011 में बोनस शेयर जारी किए थे, जब शेयरधारकों को उनके प्रत्येक शेयर के बदले एक बोनस शेयर भी मिला था। मई 2024 में, कंपनी ने डिविडेंड और मार्च तिमाही के नतीजों के साथ 1:1 के अनुपात में फ्री शेयर जारी करने की घोषणा की थी। इसके अलावा, कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए ₹4.25 प्रति शेयर का डिविडेंड भी अप्रूव्ड किया, जिसका कुल भुगतान ₹1,248 करोड़ है।
मार्च तिमाही के नतीजे
अशोक लेलैंड ने चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ में 38.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के ₹900 करोड़ की तुलना में ₹1,246 करोड़ तक पहुंच गया। इस वृद्धि को ₹173 करोड़ के टैक्स क्रेडिट से समर्थन मिला, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में ऐसा कोई लाभ दर्ज नहीं किया गया था।











