बहराइच में मासूम पर हमले के बाद हरकत में आया वन विभाग का अमला,डीएफओ पहुंचे बाजपुरवा तेंदुए की तलाश में तेज हुआ सर्च ऑपरेशन

यूपी : बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र के बाजपुरवा गांव में तेंदुए के हमले की घटना के बाद वन विभाग की टीम अलर्ट हो गई है.शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे डीएफओ सुंदरेश कुमार मौके पर पहुंचे और हमले वाले स्थान का निरीक्षण किया.उन्होंने वन कर्मियों को इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए.बताया जाता है कि गुरुवार शाम बाजपुरवा गांव निवासी 7 वर्षीय मासूम बालिका आफरीन पुत्री तसव्वर पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया था.

हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे परिजनों द्वारा तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक माह पूर्व भी इसी क्षेत्र से वन विभाग की टीम ने एक तेंदुए को पकड़कर रेस्क्यू किया था.

डीएफओ सुंदरेश कुमार ने बताया कि बहराइच और लखीमपुर खीरी का बॉर्डर क्षेत्र होने के साथ ही यहां नदी का कछार इलाका है, जिसके कारण जंगली जानवरों, खासकर तेंदुए का मूवमेंट बना रहता है.तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है.

इसके लिए इलाके में दो पिंजरे लगाए गए हैं और आसपास के क्षेत्रों में जाल लगाकर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है.वन विभाग की टीम ग्रामीणों को सतर्क रहने की भी सलाह दे रही है और लोगों से अपील की गई है कि बच्चे अकेले बाहर न जाएं तथा तेंदुए की गतिविधि दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com