दो तलाक के बाद फिर बसाएंगे घर, 5 जुलाई 2026 को गौरी स्प्रैट से शादी करेंगे आमिर खान

मुंबई। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान एक बार फिर शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। 61 वर्षीय अभिनेता ने अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी की खबरों पर खुद मुहर लगा दी है। आमिर ने पुष्टि की है कि दोनों 5 जुलाई 2026 को शादी करेंगे।
शादी की खबरों पर आमिर ने लगाई मुहर
आमिर खान ने वैरायटी इंडिया से बातचीत में कहा कि शादी को लेकर चल रही खबरें सही हैं। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल अमेरिका में हैं और यात्रा कर रहे हैं। आमिर ने कहा, “शादी के बारे में जो खबरें चल रही हैं, वो सही हैं। यह 5 जुलाई को होगी।”
रिश्ते को देंगे नया नाम
कुछ समय पहले आमिर खान ने कहा था कि उनके और गौरी के रिश्ते में शादी कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। दोनों एक नए घर में साथ रह रहे हैं और खुश हैं। हालांकि अब अभिनेता का कहना है कि दोनों को महसूस हो रहा है कि उनके रिश्ते को अगले स्तर पर ले जाने का समय आ गया है।
जन्मदिन पर कराया था गौरी से परिचय
मार्च 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के अवसर पर आमिर खान ने पहली बार मीडिया के सामने गौरी स्प्रैट को अपनी पार्टनर के रूप में पेश किया था। इसी के साथ उन्होंने अपने रिश्ते को सार्वजनिक भी कर दिया था।गौरी स्प्रैट बेंगलुरु की रहने वाली हैं और वेलनेस एवं ब्यूटी से जुड़े व्यवसाय का संचालन करती हैं। आमिर के मुताबिक दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे, लेकिन दोबारा मुलाकात के बाद उनके बीच नजदीकियां बढ़ीं।
आमिर की पहले हो चुकी हैं दो शादियां
आमिर खान की पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी। इस रिश्ते से उनके दो बच्चे जुनैद खान और आयरा खान हैं। बाद में दोनों का तलाक हो गया।इसके बाद आमिर ने फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की। दोनों का एक बेटा आजाद राव खान है। हालांकि यह रिश्ता भी लंबे समय तक नहीं चल पाया और दोनों अलग हो गए।
तलाक के बाद भी बने हुए हैं अच्छे रिश्ते
खास बात यह है कि तलाक के बावजूद आमिर खान के अपनी दोनों पूर्व पत्नियों रीना दत्ता और किरण राव के साथ अच्छे संबंध हैं। दोनों अक्सर पारिवारिक आयोजनों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में आमिर के साथ नजर आती हैं।










