महंगा हुआ हवाई सफर: इंडिगो ने बढ़ाए फ्यूल चार्ज, 2 अप्रैल से लागू होंगे नए किराए

एविएशन फ्यूल की बढ़ती कीमतों का असर अब हवाई यात्रियों की जेब पर साफ दिखने वाला है। देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने 2 अप्रैल 2026 से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर संशोधित फ्यूल चार्ज लागू करने का ऐलान किया है। इस फैसले के बाद हवाई किराए में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।
कंपनी के मुताबिक, घरेलू उड़ानों में दूरी के आधार पर फ्यूल चार्ज 275 रुपए से लेकर 950 रुपए तक होंगे। वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए यह चार्ज 900 रुपए से लेकर 10,000 रुपए तक तय किया गया है, जो रूट और यात्रा अवधि के हिसाब से अलग-अलग होगा।
एयरलाइन ने बताया कि हाल के दिनों में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में तेज उछाल आया है, जिससे ऑपरेशनल लागत पर सीधा असर पड़ा है। खासकर अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर फ्यूल की लागत दोगुनी से ज्यादा हो जाने के कारण यह कदम उठाना जरूरी हो गया।
इससे पहले भी 14 मार्च से एयरलाइन टिकटों पर 425 रुपए से लेकर 2,300 रुपए तक का अतिरिक्त फ्यूल चार्ज लगाया जा रहा था। अब नई दरें लागू होने के बाद यात्रियों को और ज्यादा भुगतान करना होगा।
एयरलाइन का कहना है कि फ्यूल की बढ़ी लागत के बावजूद उसने यात्रियों पर पूरा बोझ नहीं डाला है और चार्ज को सीमित रखने की कोशिश की है। हालांकि, पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण फ्यूल सप्लाई और कीमतों में अस्थिरता बनी हुई है, जिसका असर आने वाले समय में भी हवाई किरायों पर पड़ सकता है।









