छत्तीसगढ़ में इबोला वायरस को लेकर अलर्ट, दुर्ग पहुंचे 3 संदिग्ध

दुर्ग : दुनिया के सबसे खतरनाक वायरसों में शामिल इबोला को लेकर छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। कांगो, इथोपिया और युगांडा से आए तीन संदिग्ध व्यक्तियों के दुर्ग पहुंचने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने तीनों संदिग्धों के जिले में पहुंचने की पुष्टि की है।

विदेश से लौटे तीन लोगों पर नजर

जानकारी के अनुसार, इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (IDSP) से सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक इथोपिया और युगांडा से आए दो संदिग्ध अलग-अलग एयरपोर्ट के माध्यम से सीधे दुर्ग पहुंचे हैं, जबकि कांगो से आया एक व्यक्ति पहले मुंबई में रुका और इसके बाद दुर्ग पहुंचा।

स्वास्थ्य विभाग को दिए गए निर्देश

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि सभी संदिग्ध व्यक्तियों का पता लगाकर उन्हें होम आइसोलेशन में रखा जाए और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही आवश्यक जांच और मेडिकल प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रदेश में पहला इबोला संदिग्ध मामला

अधिकारियों के अनुसार छत्तीसगढ़ में इबोला वायरस से जुड़ा यह पहला संदिग्ध मामला सामने आया है। यही वजह है कि प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

कलेक्टर बोले- घबराने की जरूरत नहीं

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है। तीनों संदिग्धों की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य बताई गई है और एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने, लेकिन किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम फैलाने से बचने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com