भांकरोटा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, कंपनी ने कहा- बिना अनुमति बदला रिकॉर्ड

जयपुर के भांकरोटा में एक निजी रियल एस्टेट कंपनी ने कुछ स्थानीय किसानों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. कंपनी का आरोप है कि किसानों ने कंपनी की जमीन को राजस्व रिकॉर्ड में गलत तरीके से अपने नाम दर्ज करवा लिया और जमीन के कुछ हिस्सों पर अवैध कब्जा कर लिया.
यह शिकायत 4 फरवरी को भांकरोटा थाने में पिंक सिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि द्वारा दी गई. शिकायत में कई स्थानीय किसानों और उनसे जुड़े लोगों के नाम शामिल हैं. कंपनी का कहना है कि जमीन के असली मालिक की अनुमति के बिना राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव कराए गए और पिछले कुछ वर्षों में संदिग्ध लेन-देन किए गए.
यह विवाद लगभग 6.29 हेक्टेयर जमीन से जुड़ा है, जो सांगानेर तहसील के भांकरोटा स्थित जयसिंहपुरा बास गांव में अलग-अलग खसरा नंबरों में दर्ज है. कंपनी का आरोप है कि इस जमीन को बिना कानूनी हस्तांतरण के छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर किसानों के नाम म्यूटेशन कर दिया गया.











