मध्य प्रदेश: पुलिस और रेत माफिया के बीच गठजोड़…. अवैध रेत उत्खनन के लिए ‘एंट्री’ के नाम पर वसूली का आरोप

रीवा: जिले के अतरैला थाना क्षेत्र में इन दिनों कानून व्यवस्था और खाकी की साख पर गहरा सवालिया निशान खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक ऑडियो क्लिप ने रेत माफिया और पुलिस के बीच कथित मिलीभगत की पोल खोलकर रख दी है. इस ऑडियो में न केवल अवैध रेत उत्खनन के लिए ‘एंट्री’ फीस की बात हो रही है, बल्कि विरोध करने वालों को गंभीर मुकदमों में फंसाने की साजिश का भी जिक्र है.

वायरल ऑडियो में दो व्यक्तियों के बीच हो रही बातचीत से स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि अतरैला थाना क्षेत्र में अवैध रेत का कारोबार पुलिस की कथित सरपरस्ती में फल-फूल रहा है। बातचीत के दौरान एक पक्ष दावा कर रहा है कि थाने के मुंशी मजमून खान और सिपाही केपी सिंह व राजेंद्र सिंह अवैध उत्खनन और परिवहन के बदले नियमित रूप से ‘एंट्री’ के नाम पर मोटी रकम वसूलते हैं.

10 साल जेल भेजने की धमकी
ऑडियो का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा वह है, जिसमें एक व्यक्ति दूसरे को पुलिसिया कार्रवाई का डर दिखा रहा है। बातचीत में कहा जा रहा है कि पुलिस की मदद से ऐसा मामला बनवाया जाएगा कि आरोपी को कम से कम 10 साल तक जेल में सड़ना पड़ेगा। यह धमकी सीधे तौर पर पुलिस के रसूख और माफिया के बीच के गहरे तालमेल को उजागर करती है.

इस ऑडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, विभागीय स्तर पर अभी तक इस ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन अतरैला क्षेत्र में यह चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि ऑडियो की निष्पक्ष जांच की जाए, तो कई बड़े चेहरों के नकाब उतर सकते हैं.

close
Virus-free.www.avast.com