औरैया में ‘नागिन’ की अफवाह पर विराम, लापता युवती ने वीडियो जारी कर प्रेम विवाह की बात कबूली

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से रहस्यमय ढंग से लापता हुई युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पूरे मामले से पर्दा उठा दिया है। युवती ने स्पष्ट किया है कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर अपने प्रेमी के साथ शादी कर चुकी है और ‘नागिन’ बनने की फैली अफवाह पूरी तरह निराधार है।

फफूंद थाना क्षेत्र के सिंगनपुर गांव में युवती के अचानक गायब होने के बाद मामला चर्चा में आया था। परिजनों के अनुसार, रात में घर में सो रही युवती सुबह बिस्तर पर नहीं मिली। चारपाई पर उसके कपड़े और जेवर रखे थे। वहीं पास में करीब पांच फीट लंबी सांप की केंचुली मिलने से गांव में तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। कुछ लोगों ने इसे अंधविश्वास से जोड़ते हुए युवती के नागिन बनने तक की बातें फैलानी शुरू कर दी थीं।

अब युवती रीना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो वीडियो साझा किए हैं। पहले वीडियो में वह एक युवक के साथ दिखाई दे रही है और उसे अपना पति बता रही है। उसने कहा कि दोनों ने अपनी सहमति से शादी की है और किसी ने उसे मजबूर नहीं किया।

दूसरे वीडियो में युवती ने अपील की है कि उसके इस फैसले के लिए परिवार या ससुराल पक्ष को परेशान न किया जाए। उसने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह से उसका अपना था और वह सुरक्षित है।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने की जानकारी मिली है। युवती की सकुशल बरामदगी के लिए टीम रवाना की गई है और मामले की जांच की जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में फैली अंधविश्वास से जुड़ी चर्चाओं पर विराम लग गया है।

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com