औरंगाबाद : गैस संकट पर फूटा गुस्सा! कांग्रेस ने किया मोदी का पुतला दहन

औरंगाबाद : एलपीजी गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमिटी ने जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘सिलेंडर का दाम कम करो’ और ‘आम आदमी पर अत्याचार बंद करो’ जैसे नारे लगाए. इसी बीच प्रदर्शनकारियों ने जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव के नेतृत्व में नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया.
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि गैस की भारी किल्लत है और बुकिंग प्रभावित हो रही है. उन्होंने कहा कि लोग घंटों लाइन में लगने के बावजूद सिलेंडर नहीं पा रहे हैं. कहा कि देश में गैस संकट जैसे हालात बन गए हैं और कीमतें लगातार बढ़ रही हैं. डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार गिर रहा है. महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है. मोदी सरकार हर मोर्चे पर फेल है. कांग्रेस नेताओं का दावा है कि बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में लोग गैस संकट से जूझ रहे हैं,
लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो देशभर में हालात और बिगड़ सकते हैं. कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि गैस आपूर्ति को सुचारु किया जाए और आम लोगों को हो रही परेशानी का तत्काल समाधान निकाला जाए.
इस पुतला दहन कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजयसिंह, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र यादव, उदय पासवान, युवा नेता सूरज कुमार राय, जिला पार्षद सह महिला मोर्चा की अध्यक्षा गायत्री देवी, एसटी-एससी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अजय राम, मनोज कुमार पांडेय, अंबिका पासवान, उदय सिंह, महबूब आलम, सोमनाथ शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.











