IPL 2026 के बीच का ऐलान, सिर्फ 3 मैच के लिए 25 लाख का इनाम, जानें किसे मिलेगा ये पैसा?


IPL 2026: आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की टीम के 2 होम ग्राउंड हैं. वह जयपुर के अलावा गुवाहाटी के असम क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में भी खेलती है, जिसे बरसापारा स्टेडियम के नाम से भी जाना जाता है. आईपीएल के 19वें सीजन में राजस्थान रॉयल्स ने इस मैदान पर कुल 3 मुकाबले खेले. ये तीनों ही मैच बारिश से प्रभावित रहे. लेकिन क्यूरेटर और ग्राउंड्समैन की मेहनत के चलते कोई भी मुकाबला बारिश में नहीं धुला. जिसके चलते असम क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) ने एक बड़ा फैसला लिया है.
असम क्रिकेट एसोसिएशन का बड़ा ऐलान
असम क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) ने आईपीएल 2026 के दौरान शानदार काम के लिए गुवाहाटी के ACA स्टेडियम के क्यूरेटर और ग्राउंड्समैन को 25 लाख रुपए का इनाम देने का ऐलान किया है. आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के तीन होम मैच गुवाहाटी में खेले गए, जो चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ थे. इन तीनों मैचों के दौरान लगातार बारिश ने मुश्किलें पैदा कीं, फिर भी मैच पूरे हुए. एक मैच तो सिर्फ 11 ओवर प्रति साइड का रहा, लेकिन ग्राउंड स्टाफ की मेहनत से खेल पूरा करवाने में अहम भूमिका निभाई.
बारिश के बावजूद पिच की क्वालिटी और आउटफील्ड को बरकरार रखना आसान काम नहीं था. ग्राउंड स्टाफ ने निरंतर प्रयास करके यह सुनिश्चित किया कि मैच रद्द न हों और खिलाड़ियों और फैंस को अच्छा क्रिकेट देखने को मिले. ACA ने इन प्रयासों को सराहते हुए यह इनाम देने का फैसला लिया है. असम क्रिकेट एसोसिएशन ने अपने बयान में कहा कि चुनौतीपूर्ण मौसम की स्थिति में भी क्यूरेटर और ग्राउंड्समैन ने पिच को हाईएस्ट स्टैंडर्ड पर तैयार और मेंटेन किया. उनकी मेहनत मैचों में अहम रही और इससे गुवाहाटी स्टेडियम के नेशनल लेवल पर बढ़ती साख को मजबूती मिली.
गुवाहाटी में राजस्थान ने जीते तीनों मैच
गुवाहाटी का मैदान राजस्थान की टीम के लिए काफी अच्छा रहा. टीम ने जहां पर खेले तीनों मैचों में बाजी मारी. चेन्नई को उसने 8 विकेट से हराया. फिर मुंबई के खिलाफ 27 रनों से बाजी मारी, जो 11-11 ओवर का मैच था. इसके बाद आरसीबी को 6 विकेट से धूल चटाई. अब राजस्थान की टीम अपने बाकी होम मैच जयपुर में खेलेगी.











