दहेज की हवस में एक और शादी… पैसे नहीं दिया तो पति ने कर ली दूसरी शादी, पहली पत्नी के गहने रखे और घर से निकाला

गाजीपुर: जिले में एक परिवार ने 2022 में अपनी बेटी की शादी अपने सामर्थ्य के अनुसार की थी और दहेज दिया था, लेकिन शादी के बाद भी ससुराल से दहेज की मांगें खत्म नहीं हुईं. धीरे-धीरे पति और सास ने अतिरिक्त ₹1,00,000 की मांग करना शुरू कर दिया. जब परिवार इस अतिरिक्त दहेज देने में असमर्थ रहा, तो पति ने पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी कर ली और विवाहिता का सारा सामान व गहने लेकर उसे घर से निकाल दिया.

यह घटना बिरनो थाना क्षेत्र के एक गांव की है. पीड़िता की शादी साल 2022 में आजमगढ़ जनपद के ग्राम लाडो बलिया थाना मुबारकपुर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी. उस समय विवाहिता के पिता ने डेढ़ लाख रुपए नकद, एक मोटरसाइकिल, गहने और अन्य दहेज के सामान दिए थे. साथ ही दूल्हे को सोने की चेन और अंगूठी भी दी गई.

पति ने पहली पत्नी के रहते कर ली दूसरी शादी

शादी के बाद विवाहिता अपने पति दुष्यंत के घर पहुंची और परिवारिक जिम्मेदारियों का पालन करने लगी. कुछ समय बाद पति और उसकी सास ने फिर से ₹1,00,000 की मांग शुरू कर दी. विवाहिता के इनकार करने पर पति ने पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी कर ली और उसे उसके गहने-कपड़े सहित घर से निकाल दिया. परिवार और ग्रामीणों के समझाने पर भी कोई असर नहीं पड़ा.

मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुटी पुलिस

कई दिन तक मायके में रहने के बाद भी ससुराल वालों की कोई खबर नहीं मिली. अंततः विवाहिता ने अपने पति और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य मामलों में बिरनो थाना, गाजीपुर में शिकायत दर्ज कराई. जिसके बाद पुलिस ने दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 तथा बीएनएस की धारा 82(1) और 85 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close