सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक मेट्रो विस्तार को मंजूरी, नोएडा-ग्रेटर नोएडा कनेक्टिविटी होगी बेहतर

नोएडा में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक 11.56 किलोमीटर लंबे नए मेट्रो एक्सटेंशन कॉरिडोर को मंजूरी मिल गई है। इस एलिवेटेड कॉरिडोर में कुल 8 स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी।

इस नए कॉरिडोर के शुरू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 61.62 किलोमीटर हो जाएगी। इससे यात्रियों को सेक्टर-142 से सीधे बॉटनिकल गार्डन तक तेज और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। बॉटनिकल गार्डन स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन से इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे दिल्ली और अन्य प्रमुख क्षेत्रों तक पहुंच आसान हो जाएगी।

मेट्रो विस्तार से कई प्रमुख औद्योगिक, व्यावसायिक और शैक्षणिक संस्थानों को लाभ मिलेगा। सेक्टर-142 का एडवांट बिजनेस पार्क, सेक्टर-98 का स्काईमार्क वन, सेक्टर-93 का मॉल ऑफ नोएडा, सेक्टर-145 स्थित माइक्रोसॉफ्ट, सेक्टर-157 का टीसीएस, सेक्टर-132 में इंफोसिस और एडोबी, सेक्टर-135 का कॉग्निजेंट और सेक्टर-127 का ओरेकल जैसे बड़े संस्थान बेहतर तरीके से मेट्रो नेटवर्क से जुड़ सकेंगे। इसके अलावा सेक्टर-125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय और सेक्टर-128 का मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भी इस विस्तार से सीधे लाभान्वित होंगे।

इस परियोजना के शुरू होने से सड़क यातायात का दबाव कम होगा और यात्रा समय में कमी आएगी। मेट्रो सेवा सड़क परिवहन का बेहतर विकल्प बनने से ट्रैफिक जाम, ईंधन की खपत और प्रदूषण में भी कमी आने की संभावना है।

विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर कनेक्टिविटी से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में निवेश और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मेट्रो स्टेशनों के आसपास व्यावसायिक विकास को गति मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र शहरी विकास में भी तेजी आने की उम्मीद है।

close