रायगढ़ में शहर विकास कार्यों को मिली मंजूरी, रात में होगी सड़कों की सफाई और ऑक्सीजोन पार्क का नाम बदला

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम में गुरुवार को महापौर जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल (MIC) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के विकास से जुड़ी कई योजनाओं को मंजूरी दी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अब रायगढ़ की मुख्य सड़कों पर रात के समय रोड स्वीपिंग और क्लीनिंग का काम किया जाएगा, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था और बेहतर हो सके और रायगढ़ को स्वच्छ शहर की श्रेणी में शीर्ष स्थान दिलाया जा सके।
बैठक में यह भी तय किया गया कि इतवारी बाजार स्थित ऑक्सीजोन पार्क का नाम बदलकर अब “सिंदूर पार्क” रखा जाएगा। नगर निगम सचिव राम नारायण पटेल ने बैठक में महापौर की अनुमति से एजेंडा प्रस्तुत किया, जिसके तहत विभिन्न पेंशन योजनाओं जैसे इंदिरा गांधी वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के पात्र लाभार्थियों के प्रकरणों को स्वीकृति दी गई।
इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 2 में बाबा दुकान से दिवाकर घर तक आरसीसी नाली निर्माण, केवड़ाबाड़ी चौक से ढिमरापुर चौक तक नाली निर्माण और कोसाबाड़ी स्थित ऑक्सीजोन पार्क के निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी मिली। वहीं, शासन के निर्देश पर निगम में सहायक ग्रेड-3 के 7 पद, स्वच्छता निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक और उप अभियंता (सिविल व मैकेनिकल) के रिक्त पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी गई।
बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली, जिसके तहत बाबा धाम उद्यान को ऊर्जा शिक्षा उद्यान के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा, शहर के कई इलाकों में डायवर्सन निर्माण कार्यों को भी हरी झंडी मिली।
रात में स्वीपिंग और क्लीनिंग का काम कबीर चौक, सुभाष चौक, बेटी बचाओ चौक, अग्रसेन चौक, सत्तीगुड़ी चौक, नगर निगम रोड और चक्रधर नगर चौक जैसे प्रमुख मार्गों पर किया जाएगा। बैठक के दौरान मेयर इन काउंसिल के सदस्यों द्वारा पूछे गए सवालों का विस्तृत जवाब निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने दिया।
इन सभी निर्णयों के बाद रायगढ़ नगर निगम प्रशासन का दावा है कि शहर की सफाई, यातायात और बुनियादी ढांचे की स्थिति में आने वाले दिनों में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।











