रायबरेली में जोरदार हंगामे के बीच सम्पन्न हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक, 3.34 करोड़ का बजट पारित

रायबरेली: आज राही ब्लॉक सभागार में करीब 12 माह बाद क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई. इसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए तीन करोड़ 34 लाख रुपये का बजट पारित किया गया. हालांकि बैठक के दौरान विकास कार्यों में अधिकारियों द्वारा भेदभाव के आरोपों को लेकर काफी जमकर हंगामा किया. पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मामला शांत कराया. सदर विधायक अदिति सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बजट प्रस्तुत किया गया.

इस बजट के तहत डेढ़ से दो करोड़ रुपये के टेंडर प्रक्रियाधीन हैं. आगामी वित्त वर्ष 2026-27 का बजट मिलने पर आगे के प्रस्तावों पर विचार करने की बात कही गई. क्षेत्र पंचायत सदस्य सोनू पासी ने लोधवारी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महाबली वीरा पासी के पार्क के जीर्णोद्धार के प्रस्ताव को अधिकारियों द्वारा रद्द किए जाने का मुद्दा उठाया. आरोप लगाया कि बीडीओ राही की ओर से जा रही कार्यों को कराने में भेदभाव बरता जाता है.

विधायक ने स्पष्ट किया कि वह कार्य क्षेत्र पंचायत निधि से संभव नहीं था. उन्होंने आश्वासन दिया कि इसे विधायक निधि से कराया जाएगा. राही ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र यादव उर्फ राजू ने अधिकारियों पर विकास कार्यों में भेदभाव करने का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में विकास कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं, जबकि अन्य की उपेक्षा की जा रही है. सेमरा प्रधान प्रतिनिधि चंदन सिंह और भखरवारा प्रधान प्रतिनिधि शैलेंद्र प्रताप उर्फ गट्टू सिंह ने भी अपनी बात रखी और क्षेत्र पंचायत से कराए गए कार्यों में भी भेदभाव का आरोप लगाया.

इन आरोपों के चलते बैठक में काफी गरमागरमी का माहौल रहा और सदस्यों ने अपनी नाराजगी व्यक्त की. इस दौरान कुछ सदस्यों ने हंगामा किया. विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह पुलिस टीम के साथ ब्लॉक परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैनात रहे. इस मौके पर बीडीओ राही गौरी राठौर और एपीओ अरविंद सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष दिलीप पाल, संदीप यादव, बोधी सिंह और कुंवर बहादुर सिंह मौजूद रहे.

close