लिंक क्लिक करते ही खाते से उड़ गए पैसे… मध्यप्रदेश में ‘मातृ वंदना योजना’ के नाम पर प्रसूता से ठगी; जांच में जुटी पुलिस

रीवा: डिजिटल इंडिया के दौर में साइबर अपराधी अब सरकारी योजनाओं की आड़ में भोले-भाले ग्रामीणों को अपना निशाना बना रहे हैं. ताजा मामला आज सेमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम हरदुआ से सामने आया है, जहां एक प्रसूता महिला को ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’ की बकाया राशि दिलाने का झांसा देकर हजारों रुपये की चपत लगा दी गई.
पीड़िता कंचन कुशवाहा ने बताया कि हाल ही में उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया था. दो दिन पूर्व उनके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया. फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को महिला बाल विकास विभाग का कर्मचारी बताया. ठग ने कंचन से बड़ी ही चतुराई से पूछा कि क्या आपको मातृ वंदना योजना के तहत मिलने वाली पोषण आहार की पूरी राशि मिल गई है? जब महिला ने कुछ राशि बकाया होने की बात कही, तो ठग ने उसे तुरंत खाते में भेजने का लालच दिया.
बातों में उलझाकर खाली किया खाता
ठग ने महिला को फोन पर ही अपनी बातों में उलझाए रखा और उससे फोन-पे व बैंक बैलेंस चेक करने को कहा. आरोपी ने झांसा दिया कि स्टेट से पेमेंट लाइन पर है, आप बस लिंक पर क्लिक करें. जैसे ही महिला ने ठग द्वारा भेजे गए लिंक को खोला और निर्देशानुसार बटन दबाया, उसके खाते से दो किस्तों में लगभग 5,302 रुपये कट गए.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है
पैसे कटने का मैसेज देखते ही महिला के होश उड़ गए. उसने तुरंत अपने पति अजीत को घटना की जानकारी दी. जब परिजनों ने उस नंबर पर वापस फोन किया और ठगी का अहसास हुआ, तो आरोपी ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया. पीड़िता ने सेमरिया थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और शिकायती आवेदन दिया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बैंक स्टेटमेंट के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है.











