औरंगाबाद: सड़क पार कर रहे व्यक्ति को बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

औरंगाबाद: पैदल सड़क पार कर रहे व्यक्ति को अज्ञात बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गए. इलाज के लिए ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई. घटना ओबरा थाना क्षेत्र के एनएच-139 खरांटी पुल के पास की है. मृतक की पहचान ओबरा के कागजी मोल्ला निवासी 50 वर्षीय मनोज सिंह चंद्रवंशी के रूप में हुई है.
परिजनों के मुताबिक, मनोज पैदल घर लौट लौट रहे थे. इसी दौरान खरांटी पुल के पास हादसा हो गया. घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने मनोज को ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इसके बाद वाराणसी रेफर किया गया. परिजनों द्वारा वाराणसी ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में भभुआ के पास उनकी मौत हो गई. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दी गई है.
जानकारी के अनुसार, मनोज पेशे से हलवाई का काम करते थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे. घटना के समय वे दाउदनगर से अपने घर ओबरा लौट रहे थे. परिवार में पत्नी मीना देवी, एक बेटा आकाश कुमार, 6 बेटियां हैं, जिसमें 3 बेटियों की शादी हो चुकी है. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मृतक के स्वजनों के लिए मुआवजे की मांग की है. थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर एक व्यक्ति के मौत की सूचना है. मामले की जांच की जा रही है. अब तक परिजन की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है.











