औरंगाबाद : छठ की खुशियां मातम में बदलीं—ट्रैक्टर पलटने से 25 घायल, 3 की हालत गंभीर

औरंगाबाद : शहर के फार्म के समीप मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है.जहां चैती छठ के लिए देव जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर पलट गई और इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार 25 लोग घायल हो गए. जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों की स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. सभी घायल एक ही परिवार के सदस्य है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार ओबरा प्रखंड के सरसौली गांव से करीब 25 लोग ट्रैक्टर पर सवार होकर सूर्य नगरी देव छठ करने जा रहे थे. इसी दौरान शहर के फार्म के समीप एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर पलट गया. इस दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार छठ व्रती समत कुल 25 लोग जख्मी हो गए. वहीं एंबुलेंस में सवार पांच लोग भी जख्मी बताए जा रहे हैं.

घायलों में अनीता देवी, सतीश कुमार, विकास कुमार, अभिषेक कुमार, बोधी प्रिया, अवधेश कुमार, फटनराम, मुन्ना ठाकुर, सत्येंद्र राम, सदन कुमार, दीपक कुमार, संदीप कुमार, अलकारिया देवी, खुशी कुमारी, धनकेश कुमार, पवन कुमार, पसुरेश राम आदि शामिल है.

सदर अस्पताल में इलाज करा रहे परिजनों ने सुबह साढ़े सात बजे जानकारी दी कि एंबुलेंस में एक शव था, जिसे झारखंड के कोडरमा ले जाया जा रहा था. हादसे के बाद एंबुलेंस चालक मौके से फरार हो गया, जिससे आक्रोश का माहौल बन गया.

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया. चिकित्सकों के अनुसार तीन लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है. अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है.

हादसे में घायल हुए लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि जब सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया तो उन लोगों का समुचित इलाज नहीं हो सका.ऐसी स्इथितइति में सभी घायल डीएम आवास की घेराव भी करने का मन बना रहे थे. हादसे के बाद  छठव्रती बेहद ही मायूस है कि उनकी उम्मीदों पर हादसे ने पानी फेर दिया है.

फिलहाल घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पलटे ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाना लाया है और फरार हुए एम्बुलेंस चालक की खोजबीन जारी है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close