औरंगाबाद: शादी से लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, तीन की मौत; 7 घायल

औरंगाबाद: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एनएच -19 पर देव मोड़ स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी लोग स्कॉर्पियो से शादी समारोह में शामिल होकर धनबाद लौट रहे थे. जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में कुल 10 लोग सवार थे. वाहन जैसे ही देव मोड़ के पास पहुंचा, सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई.
मृतकों में तेज नारायण गुप्ता एवं विकास कुमार चौहान (30 वर्ष) की पहचान हो चुकी है. एक अन्य मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी. घायलों में चालक दीनबंधु प्रसाद, मृतक तेज नारायण गुप्ता की पत्नी निशा देवी, फुलवंती देवी, अमित कुमार, दिलीप कुमार (सभी बोकारो कुम्हारी निवासी), राजेश कुमार (धनबाद) एवं शिव शंकर कुमार (बाघमारा) शामिल हैं. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. बताया जाता है कि सभी लोग उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे.
25 फरवरी को विवाह संपन्न होने के बाद 26 फरवरी को दोपहर में धनबाद लौटने के दौरान यह हादसा हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराया. इधर, औरंगाबाद जिला परिषद की बैठक से लौट रहे जिला पार्षद सदस्य शंकर यादव ने सड़क किनारे घायलों को तड़पते देखा तो तत्काल उन्हें सदर अस्पताल भिजवाया तथा परिजनों को सूचना दी. उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे गंभीर मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले की जांच की जा रही है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है. जबकि सात लोग जख्मी हैं. मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। वहीं जख्मियों का इलाज चल रहा है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

close